बड़ौत (बागपत)। कंडेरा गांव के विपुल हत्याकांड को लेकर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दावा किया है कि आपत्तिजनक वीडियो को डिलीट करने के दौरान हुए झगडे़ में विपुल की गोली मारकर हत्या की थी।
पुलिस ने बताया कि विपुल के गांव निवासी एक दोस्त की वाजिदपुर गांव के रहने वाले विशाल ने आपत्तिजनक वीडियो बना रखी थी। वीडियो को वायरल करने की धमकी देने के जरिये विशाल कई बार विपुल के दोस्त को ब्लैकमेल भी कर चुका था।
शनिवार शाम आरोपी ने विपुल व उसके दोस्त रवित, रूपल को बड़ौत में बिनोली रोड पर लौहड्डा गांव के पास बुला था। कुछ पैसे देकर आपत्तिजनक वीडियो को डिलीट करने का वादा किया था। विपुल और उसके दोस्त मौके पर पहुंचे। बताया कि इस दौरान 3500 रुपयों में आपत्तिजनक वीडियो को डिलीट करने की बात रखी गई, लेकिन इस दौरान उनके बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद जान बचाकर भाग रहे विपुल व उसके दोस्त पर विशाल और वीशु ने गोली चला दी। जिसमें विपुल की गोली लगने से मौत हो गई।
इस मामले में मृतक विपुल के बड़े भाई मुकुल जो यूपी पुलिस में रामपुर में हैं, उन्होंने वाजिदपुर गांव के विशाल व उसके भाई सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सीओ सवि रतन गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में वाजिदपुर गांव निवासी विशाल पुत्र सतेंद्र और विशाल उर्फ वीशु पुत्र अनिल, अशोक, सतेंद्र और अनिल शामिल हैं।
अग्निवीर भर्ती में विपुल का हो गया था चयन
बड़ौत। विपुल पढ़ने-लिखने में होनहार था। वह गत दिनों मुजफ्फरनगर में हुई अग्निवीर भर्ती में गया था, जहां पर फिजिकल टेस्ट पास कर लिया था।
विपुल की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बहन अनू, मां मोनिका सदमे में हैं। उनका रोते हुए बुरा हाल हो रहा है। परिवार की अन्य महिलाएं ढांढस बांधने में लगी हैं। वहीं विपुल के पिता सुशील को कैंसर है, जो लास्ट स्टेज में हैं। सुशील रोडवेज में नौकरी करते थे, लेकिन जांच के बाद कैंसर का पता लगने के बाद फिलहाल घर पर रहकर अपना इलाज करा रहे थे।
इसके अलावा रविवार को विपुल हत्याकांड पर पकड़े गए हत्यारोपियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर कंडेरा गांव के ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से विपुल हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।