बड़ौत। भले ही ई-केवाईसी कराने को लेकर कृषि विभाग किसानों को लगातार जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद बहुत से ऐसे किसान हैं जो इस गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसका खामियाजा हजारों किसान इस समय भुगत रहे हैं।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राजकीय बीज भंडार पर तैनात एसडीओ तेजपाल चौहान ने बताया कि ईकेवाईसी सत्यापन अपूर्ण होने की दशा में किसान 13वीं किस्त के लाभ से वंचित रह सकते हैं। पहले से ही लगभग 35 हजार किसान सम्मान निधि से हाथ धो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ईकेवाईसी सत्यापन के लिए मोबाइल, कंप्यूटर पर ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया के अंतर्गत पीएम किसान पोर्टल पर जाएं।
उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी आप्शन पर क्लिक करें। स्क्रीन पर प्रदर्शित ‘कैप्चा’ का विवरण दर्ज करें। अपना आधार रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें। आधार रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करने पर आपके मोबाइल नंबर पर एक ओेटीपी जाएगा। उसे दर्ज करें। ओेटीपी सत्यापन के लिए सबमिट बटन दबाएं। मेसेज स्क्रीन पर दिखाई देगा।
बताया कि बायोमैट्रिक द्वारा सत्यापन प्रक्रिया की सुविधा आपके निकटतम जनसेवा केंद्र पर उपलब्ध है। बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए फ्रिंगर आप्शन चयन करें। पीएम किसान पोर्टल पर पंजीकृत आधार नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर प्रदर्शित ‘कैप्चा’ का विवरण दर्ज करें। पुन: आधार संख्या दर्ज करें। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद बायोमैट्रिक मशीन पर उंगली दबाएं। सफलतापूर्वक सत्यापन के बाद सबमिट प्रदर्शित होगा।