बागपत जिले के अहैड़ा गांव में मंगलवार रात एक छोटी-सी बात ने गंभीर हिंसा का रूप ले लिया। बीड़ी जलाने के लिए माचिस देने से इनकार करने पर पड़ोसियों ने एक चाचा और उसके भतीजे पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हैंडपंप ठीक करते समय हुआ विवाद
घायल बिजेंद्र ने बताया कि वह मंगलवार शाम अपने घर के पास खराब पड़े सरकारी हैंडपंप को ठीक कर रहे थे। तभी गांव के तीन युवक वहां पहुंचे और बीड़ी जलाने के लिए माचिस मांगने लगे। माचिस न होने पर उन्होंने मना कर दिया, जिससे युवक गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद वही युवक अपने साथ अन्य लोगों को लेकर वापस लौटे और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
जबड़ा टूटने से भतीजा गंभीर घायल
हमले के दौरान बिजेंद्र के भतीजे दीपांशु के जबड़े में गंभीर चोट आई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। दोनों को बचाने आए बिजेंद्र के बेटे के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और तहरीर व चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।