बड़ौत। मलकपुर गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण जलभराव अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है। आलम यह है कि बरसात नहीं होने पर भी गांव की मोहना पट्टी में हर समय जलभराव की स्थिति बनी रहती है। सोमवार को ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की।
प्रधान रणवीर सिंह, जयपाल, हरवीर, सुधीर, नवीन, संजीव, प्रकाश, प्रवेंद्र, इकबाल, सुरेंद्र आदि ने बताया कि गांव की पट्टी मोहना की गलियां गंदे पानी एवं कीचड़ से भरी हुई हैं। नाले की भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। इस कारण गंदे पानी की निकासी पूरी तरह से बंद हो चुकी है।
तालाब भी ओवरफ्लो होने के कारण सारा गंदा पानी गांव की गलियों और घरों में घुसा हुआ है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त को भी लिखित शिकायत कर रखी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अधिकारियों ने नहीं की है। एसडीएम सुभाष सिंह ने गांव का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया।