संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। ग्राम बली के ग्रामीणों ने रेलवे फाटक पर रेलवे विभाग की ओर से अंडरपास में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का विरोध कर काम रुकवा दिया। उन्होंने अंडरपास में सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग की।
ग्राम बली निवासी रवींद्र कुमार ने बताया कि रेलवे का ठेकेदार अंडरपास में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछा रहा है। जिससे रास्ता जल्द खराब होने की आशंका है। अंडरपास में सीसी रोड का निर्माण कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने बुधवार को अंडरपास पर पहुंचकर प्रदर्शन करके काम रुकवा दिया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के दीवान संजीव कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। काम कर रहे सुंदर शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के मद्देनजर काम रोक दिया गया है और इंचार्ज को जानकारी दे दी है। उधर, इंचार्ज प्रभात का कहना है कि मानक के अनुसार कार्य किया जा रहा है। रेलवे के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। इस मौके पर आप जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह सेन, समाजसेवी विनोद कुमार, ओमपाल, हरीश, मनोज फौजी, देवेंद्र फौजी, श्यामवीर ठेकेदार, सागर, दीपक, संजीव कुमार, जगदीप, हरिंदर, आदेश, लोकेश मौजूद रहे।