किरठल गांव में मीटर में छेड़छाड़ के नाम पर उपभोक्ताओं को डरा धमकाकर अवैध वसूली करने वाले मीटर रीडरों के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव मेें जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में रीडिंग लेने आए मीटर रीडरों को बंधक बनाने का भी प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
बाद मेें ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीण पुष्पेंद्र चौहान के नेतृत्व में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गांव में मीटर रीडर खुलेआम उपभोक्ताओं से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं।
हाल ही में ककौर व टयौढ़ी गांव के दो युवकों ने खुद को मीटर रीडर बताकर गांव के दर्जनों उपभोक्ताओं के यहां पर रीडिंग लेने के नाम पर पहले उनके मीटर खराब किए, बाद में उन्हें डरा धमकाकर व उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर उनके हजारों रुपये वसूल ले गए। इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के अफसरों से की गई तो उन्होंने शिकायत की अनदेखी की।
इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में रीडिंग लेने आए मीटर रीडरों को भी बंधक बनाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। जब इस संबंध में एक्सईएन प्रथम अजय कुमार से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि मामला संज्ञान में नहीं है।
जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मीटर सुपरवाइजर सतेंद्र मलिक ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उक्त मीटर रीडर वहां पर रीडिंग लेने ही नहीं गए। एसडीएम दर्शन सिंह ने जांच कर कार्रवाई की बात कहीं। हंगामा करने वालों में सागर, शिवम, उत्तम, प्रदीप, सुनील, पंक, हरेंद्र, सुक्का, प्रेमपाल, हरवीर आदि शामिल रहे।