संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। मौजिजाबाद नांगल गांव में गली में बने शौचालय को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शौचालय तोड़ना शुरू किया तो सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को रोका। काफी देर हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने शांत कराया।
मौजिजाबाद नांगल गांव के प्रधान बिजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में एक रास्ता बनवाया जा रहा है। इस पर एक व्यक्ति ने अपना निजी शौचालय बनवाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया है। इससे गली से आने जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर ग्रामीणों की पंचायत हुई। इसमें शौचालय खुद ही हटाने पर सहमति दी गई थी, लेकिन उक्त व्यक्ति ने शौचालय हटाने से मना कर दिया। इस पर रविवार को ग्रामीणों ने खुद ही शौचालय हटाने का प्रयास किया। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि शौचालय तोड़े जाने की सूचना पर ग्रामीणों को रोका गया। दोनों ही पक्षों ने राजस्व टीम से जांच कराने पर सहमति जताई।