विजिलेंस ने किशनपुर बराल में पकड़ी बिजली चोरी
रमाला। किशनपुर बराल गांव में शुक्रवार को विजिलेंस की टीम ने छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी। गांव में मीटर के अलावा अलग से केबल डालकर चोरी करने वाले ग्रामीणों को पकड़ा। टीम के छापे के दौरान गांव में हडकंप मच गया।
एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि किशनपुर बराल में बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। शुक्रवार को बिजली चोरी पकड़ने के लिए टीम गठित कर गांव में चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने गांव में मीटर के अतिरिक्त केबल डालकर बिजली चोरी करते लोगों की वीडियोग्राफी कराई गई। इसके अलावा कई घरों में अतिरिक्त भार मिला। गांव में विजिलेंस की टीम की सूचना मिलते ही लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी करते पाए लोगों के खिलाफ पुलिस व विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।