- गांगनौली गांव के जूनियर हाईस्कूल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का रात में खोला गया गेट
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। गांगनौली के जूनियर हाईस्कूल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से रात में गेट खोलने के बाद अंधेरे में पोषाहार निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मामले पर जांच बैठा दी है।
गांगनौली गांव के जूनियर हाईस्कूल के परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र बना हुआ है। केंद्र से गर्भवती महिलाओं व बच्चों को पोषाहार दिया जाता है। केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिलाएं राशन के पैकेट की गिनती कर रही हैं। रात के अंधेरे में स्कूल परिसर के आंगनबाड़ी से सरकारी राशन चोरी-छिपे बाहर ले जाया जा रहा है। इसमें चने की दाल, दलिया और रिफाइंड तेल शामिल है।
जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि स्कूल परिसर में बने आंगनबाड़ी से रात में राशन के मामले की जानकारी नहीं है। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा ने बताया कि वीडियो मिलने के बाद जांच सीडीपीओ को सौंपी गई है और जांच करने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।