बागपत। कांवड़ यात्रा संपन्न होने पर रविवार को हाईवे पर वाहन दौड़े। जिससे बागपत-सोनीपत हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास जाम की स्थिति बनी रही। बागपत में यमुना पुल पर हरियाणा की ओर जाने और हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों की लाइन लगी रही।
कांवड़ यात्रा शुरू होने पर प्रशासन ने हाईवे को बंद कर दिया था। शनिवार को कांवड़ यात्रा संपन्न होने पर हाईवे खुलते ही बागपत-सोनीपत हाईवे पर वाहन बढ़ने से गौरीपुर मोड़ पर जाम लग गया। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए भारी वाहनों को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और बागपत-सोनीपत हाईवे पर मोड़ से पहले रोककर वाहनों को निकाला। इसके अलावा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर भी वाहन बढ़ने से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। वहां दूर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।