मुजफ्फरपुर पोईस गांव में मनोरोगी युवक ने कर दी मूर्तियां खंडित
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। मुजफ्फरपुर पोईस गांव के मंदिर में शुक्रवार रात को मूर्तियां खंडित कर दी गई। इसका पता चलने पर शनिवार सुबह को लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस के जांच करने पर पता चला कि गांव के मनोरोगी युवक ने मूर्तियां खंडित की है, जिसके खिलाफ ग्रामीणों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया।
मुजफ्फरपुर पोईस गांव में पूर्व प्रधान इंद्रपाल ने जमीन देकर मंदिर बनवाया हुआ है। इसकी देखरेख भी पूर्व प्रधान का परिवार ही करता है। पूर्व प्रधान ने बताया कि मंदिर में शुक्रवार रात को हनुमान व भैरो बाबा की मूर्ति खंडित कर दी गई। शनिवार सुबह को इस बारे में पता चला तो ग्रामीण भड़क गए। इसका पता चलने पर सीओ बागपत अनुज मिश्रा व सिंघावली अहीर थाना पुलिस पहुंची। सीओ ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि गांव के मनोरोगी युवक ने मूर्तियां तोड़ी थी। उसके उपचार से संबंधित कागजात भी परिजनों ने दिखाए। उसे पुलिस ने पकड़ा तो ग्रामीणों ने उसके खिलाफ कार्रवाई से इंकार कर दिया।