बालैनी। अमीपुर बालैनी गांव में तीन माह से बच्चों और महिलाओं के लिए पुष्टाहार का वितरण नहीं किया जा रहा है। पुष्टाहार वितरण की मांग को लेकर सोमवार को गांव की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र पर हंगामा किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर पुष्टाहार वितरण करने अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो के आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंची महिलाओं का कहना था कि पिछले तीन महीने से पुष्टाहार का वितरण नहीं किया है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर उनके फर्जी हस्ताक्षर करने का भी आरोप लगाया। महिलाओं का कहना था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कई बार कार्रवाई की मांग की जा चुकी है, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्कूल के शिक्षकों ने हंगामा कर रही महिलाओं को समझा कर शांत कर वापस भेजा।
उन्होंने अधिकारियों से गांव में वितरित होने वाले पुष्टाहार की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की और जल्द ही समस्या का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान नीरज शर्मा, पूनम देवी, शबाना, बीना देवी, रूकसार, नर्गिस गुलिस्ता, गुड़िया, महक, फरजाना शाइन, राजबीरी, कमल, प्रवीण रहे। सीडीपीओ शीतल का कहना है कि इस बारे में जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और शिकायत सही मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।