बड़ौत। शिक्षकों के लंबित प्रकरणों का निस्तारण न होने पर जनपद के शिक्षक 15 अक्तूबर को ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था ठप कर विरोध करेंगे।
यह बात माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई के बाद से जनपद में शिक्षा विभाग बेलगाम हो गया है। सरकार ने बागपत में दो जिला विद्यालय निरीक्षकों की अस्थाई व्यवस्था की थी। उन्हें केवल शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए ही अधिकृत किया था। शिक्षकों के विरोध पर डॉ. रेखा सिंह व अनुराधा शर्मा ने कार्य करने से मनाही कर दी थी। जिस पर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) विनय कुमार पांडे ने डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह को कार्यभार सौंपा है। उन्होंने भी कार्यभार ग्रहण कर शिक्षा निदेशक लखनऊ को पत्र से अवगत कराया हैं कि जनपद में शिक्षकों की पदोन्नति, चयन वेतनमान, मृतक आश्रितों की नियुक्ति, प्रोन्नत वेतनमान तथा पेंशन के प्रकरणों का निस्तारण न होने पर शिक्षकों में आक्रोश है। शिक्षक नेता वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अब शिक्षक विभाग की कार्यशैली को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके विरोध में 15 अक्तूबर को जनपद के सभी विद्यालयों में शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था ठप कर विरोध करेंगे।