लूंब गांव में मंगलवार शाम सतीश, सन्नी व सुंदर पुत्रगण वेदपाल अपने घर पर बैठे हुए थे। आरोप है कि तभी दूसरे समुदाय के 10-15 लोग हथियार लेकर घुस गए और उन पर हमला कर दिया। उन्हें मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिवार की महिलाएं बचाने आईं तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तो हमलावर फरार हो गए। पीड़ित घायल हालत में छपरौली थाने पहुंचे और तहरीर दी।
आरोप है कि तहरीर देने की सूचना पर फिर दूसरे समुदाय के लोग उनके घर में घुस गए और मारपीट करते हुए तहरीर वापस लेने की धमकी दी। बुधवार सुबह तक पुलिस कार्रवाई न होने से क्षुब्ध पीड़ितों ने मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया। इससे गांव में तनावपूर्ण स्थिती बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में लेते हुए घायलों को छपरौली सीएचसी पर भर्ती कराया।
सीओ बड़ौत विजय चौधरी का कहना है कि सन्नी ने मारपीट के संबंध में तहरीर दी है। 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, पोस्टर हटवा दिया हैं, माहौल बिल्कुल भी खराब नहीं होने दिया जाएगा। हमले के पीछे क्या वजह है, यह भी पता लगाया जा रहा है।