बड़ौत। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा 27 साल में प्रदेश बेहाल हो उठा है। धर्म-जाति और परिवारवाद के नाम पर यूपी को आज देश के सबसे पिछड़े राज्य में धकेल दिया है। अब यहां की जनता बदलाव चाहती है।
बृहस्पतिवार को स्नेह फार्म हाउस पहुंची संदेश यात्रा में शीला दीक्षित ने कहा यूपी की सड़कें खराब, बुनियादें समस्याएं हैं। सपा, बसपा, भाजपा ने कोई कार्य नहीं किया। हमारा मकसद किसान, मजदूरों की समस्याओं को समझना और उन्हें दूर कर आपके सपनों को साकार करना है। उन्होने बकाया गन्ना भुगतान पर भी गहरी चिंता जताई और कहा राहुल गांधी ने वादा किया है कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता आई तो बिजली के आधे दाम किए जाएंगे। ऋण माफ किए जाएंगे और बेरोजगारों को रोजगार प्रदान किया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने कहा मिशन 2017 में बदलाव निश्चित होगा। प्रदेश में शीला दीक्षित के नेतृत्व में जनता सरकार बनाएगी और गंगा-यमुना की तहजीब वाला यह प्रदेश अब असुरक्षित प्रदेश बन गया है जिसे बदलना बहुत जरूरी है। प्रदेश बदहाली की कगार पर खड़ा है। सपा, बसपा, भाजपा का 2017 में खेल खत्म हो जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जफर अली नकवी ने कहा प्रदेश में परिवारवाद, जातिवाद, धर्मवाद पनप रहा है। जिससे देश बदहाली की कगार पर खड़ा है। अपराध चरम सीमा पर है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कांग्रेस को लेकर उप्र को बचाना होगा। कांग्रेस ने कुर्बानियां दी है और उन्होंने किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये ऋण माफ किया। पूर्व मंत्री जयप्रकाश जायसवाल ने कहा सपा और भाजपा आपस में लड़ाकर अपना उल्लू सीधा करना चाहती है और मोदी बड़े-बड़े झूठ बोलते हैं जो जग जाहिर है।
इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम कुमार सिंह ने की। संचालन शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं सतपाल पथौलिया ने संयुक्त रूप से किया। इसमें मंडल प्रभारी दीपक कुमार, डॉ. मेराजुद्दीन, पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल शर्मा, डॉ. युनूस चौधरी, जिला प्रभारी सुशील चौधरी, मनोज कौशिक, मेहरबान आलम, घनश्याम शर्मा, राजपाल शर्मा, लता चौधरी, रामरंग देवेंद्र चौहान, डॉ. ओमवीर सिंह, लता चौधरी, उर्मिला सिंह, सविता, कांता जैन, अमित पंवार, सतिश सैन, खिलेराम गुर्जर, समरपाल, तेजबीर तोमर, किरण पाल, शकील अहमद, हरेंद्र, कृष्णपाल राणा, शैलेंद्र प्रधान, सविता शर्मा, कमलेश, इकबाल, रवि प्रकाश, ओमकार दत्त रहें।
उधर, कांग्रेस की 27 साल यूपी बेहाल यात्रा में शामिल पूर्व मंत्री दीपक कुमार ने कहा सरकार को किसानों की चिंता नहीं है। आपसी लड़ाई में लोगों का हित भूल गए हैं। मुजफ्फरनगर के रहने वाले डॉ दीपक कुमार ने कहा कांग्रेस ही यूपी में सुशासन ला सकती है। वर्तमान में पूरी प्रदेश की निगाह केवल कांग्रेस पर है।
दिल्ली के पूर्व मंत्री मंगत राम सिंघल ने कहा यूपी में कांग्रेस ही बदलाव ला सकती है। यात्रा के जरिए इसका संदेश दिया गया है। हर आदमी का हित कांग्रेस में ही सुरक्षित है। गौरीपुर निवाड़ा में सैकड़ों बसपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। यहां बाकायदा मंच लगाया । पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और संजय सिंह की मौजूदगी में निवाड़ा के प्रधान सरवर राणा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने कांग्रेस में आस्था जताई।