खेकड़ा के मोहल्ला औरंगाबाद मे हुई मारपीट मे चाकू लगने से घायल युवक आसिफ
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा। नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा में बच्चों के खेलने के दौरान हुए विवाद में पड़ोसी हमलावर ने दो युवकों को चाकू मारकर घायल कर दिया। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पर भिजवाया।
मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा निवासी आसिफ और फरमान बृहस्पतिवार शाम घायल अवस्था में कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया कि दोपहर के समय उनके बच्चे मकान के बाहर खेल रहे थे। इस दौरान उनमें विवाद हो गया। पड़ोसियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। इसके बाद शाम के समय पड़ोसी युवक उनके मकान के पास साथियों के साथ जुआ खेल रहा था। नशे में धुत होने के कारण वह तेज आवाज में उन्हें गालीगलौज कर रहा था। आसिफ ने विरोध किया तो आरोपी हमलावर ने चाकुओं से उस पर हमला बोल दिया। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी फरमान बीच बचाव के लिए पहुंचा। हमलावर ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। चाकू आसिफ के चेहरा और फरमान की गर्दन पर लगे। घटना के बाद हमलावर फरार हो गया। घायलों ने पुलिस से आरोपी हमलावर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पर भिजवाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपी हमलावर की तलाश मे जुटी है।