बागपत। पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा के सॉल्वर गिरोह के दो सदस्यों ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जिन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
यूपी पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर परीक्षा गाजियाबाद के दुहाई में एक स्कूल में कराई जा रही थी। जिसमें बड़ौत से बैठकर कंप्यूटर के माध्यम से सॉल्वर सेंधमारी कर रहे थे। नौ फरवरी को एसटीएफ ने बड़ौत की आवास विकास काॅलोनी में छापामारी कर परीक्षा में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से पुलिस ने तीन लैपटॉप, एक कंप्यटूर, एक डेस्कटॉप, आठ मोबाइल फोन, छह स्क्रीन शॉट, आठ एडमिट कार्ड बरामद बरामद किए।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण में फरार चल रहे फिरोजाबाद जिले के टूंडला निवासी रामबीर और अंकित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही थी, जिससे दबाव में आकर दोनों ने आत्मसमर्पण कर दिया।