दोघट (बागपत)। बुखार से दोघट में एक किशोरी और भड़ल गांव की महिला की मौत हो गई है। चौगामा क्षेत्र के कई गांवों में बुखार का कहर जारी है और काफी संख्या में लोग बुखार से ग्रस्त है। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य कैंप लगवाने की मांग की।
क्षेत्र के दाहा, भड़ल, धनौरा, दोघट, निरपुड़ा समेत अन्य गांवों में पिछले एक सप्ताह से बुखार से ग्रस्त मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिसमें पिछले पांच दिन से बुखार से ग्रस्त भड़ल गांव की मुनेश ( 55) पत्नी रमेश का बुढ़ाना के निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा था।
बृहस्पतिवार शाम तबियत ज्यादा खराब होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार रात महिला की मौत हो गई। उधर कस्बे की रहने वाली चांदनी (11) पुत्री अली हसन पिछले कई दिन से बुखार से बीमार थी। जिसकी बड़ौत के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। क्षेत्र में बुखार से दो मौत होने से लोग में भय का माहौल बना हुआ है।
पांच मरीजों में हो चुकी है डेंगू की पुष्टि
भड़ल, धनौरा, दोघट, निरपुड़ा के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांवों में बुखार के मरीजों की हालत ज्यादा बिगड़ रही है, जहां 200 से अधिक मरीज है। अभी तक पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जिससे लोग भयभीत है।
कोट..
- क्षेत्र में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। बुखार से बचाव के लिए गांवों में लगातार स्वास्थ्य टीमें कैंप लगाकर लोगों की जांच की जा रही है। - डॉ. अमित कुमार, सीएचसी अधीक्षक।
मुनेश देवी का फाइल फोटो- फोटो : BAGHPAT
भड़ल गांव में मुनेश देवी की मौत के बाद गमजदा बैठी महिलाएं- फोटो : BAGHPAT