बड़ौत (बागपत)। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर हरियाणा के पानीपत जनपद से लखनऊ जा रही दो स्लीपर बसों को एआरएम विपिन अग्रवाल और एआरटीओ सुभाष राजपूत ने अवैध संचालन पर सीज कर दिया। साथ ही बसों के मालिकों पर 1.40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। एआरएम ने बताया कि चेकिंग के दौरान चालक और परिचालक बसों के संचालन के कागजात नहीं दिखा सके, जिसके बाद दोनों बसों को डिपो में लाया गया। बसों को सीज करने के बाद हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर जाने वाले सभी यात्रियों को अन्य बसों में बैठाकर रवाना कर दिया गया। बड़ौत डिपो के केंद्र प्रभारी नरेंद्र सिंह मान ने बताया कि बसों को सीज कर डिपो में खड़ा कर दिया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को 66 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि दोनों बसों के स्वामियों पर 1.40 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।