संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। लोगों को त्वचा रोग परेशान कर रहा है और बुखार से लोगों का शरीर तप रहा है। रविवार को तीन नगरीय व 20 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों में 37 चिकित्सक और 56 पैरामेडिकल स्टाफ ने 768 मरीजों की जांच कर दवाई दी।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य मेलों में सबसे अधिक 211 त्वचा के मरीज और बुखार के 76 मरीज पहुुंचे। शिविर में 57 लोगों की मलेरिया और 26 मरीजों की डेंगू की जांच कराई गई, सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। इनके अलावा मेलों में गैस के 38, टीबी के सात संदिग्ध, हाइपर टेंशन के 23 और अन्य बीमारियों के 258 मरीजों ने जांच कराकर दवाई ली। मेेलों में 299 पुरुष, 331 महिलाओं और 138 बच्चों ने जांच कराई। मेलों में 16 मरीजों के आरटीपीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए और दो लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्होंने मेलों का निरीक्षण कर चिकित्सकों को दिशा-निर्देश दिए।