संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएचसी और पीएचसी में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों से मरीजों का ई-संजीवनी पोर्टल से इलाज कराया जाएगा। सीएचओ को दिन में कम से कम दस मरीजों का ऑनलाइन उपचार करना होगा।
हेल्थ वेलनेस सेंटर पर तैनात सीएमओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) मोबाइल व लैपटॉप से ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से मरीजों का ऑनलाइन उपचार कराएंगे। नई व्यवस्था शुरू होने से गांव के लोगों को गांव में ही चिकित्सक से ऑनलाइन परामर्श मिलेगा। दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मरीजों को गांव के लिए सब सेंटरों पर इलाज की सुविधा मिलने पर उन्हें पीएचसी, सीएचसी या फिर जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सीएचओ को निर्देश जारी कर दिए हैं।
105 सेंटरों पर तैनात हैं सीएचओ
जिले में दो सौ उप स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनमें से 105 सेंटरों पर सीएचओ तैनात हैं। मरीजों को उपचार दिलाने के दौरान परेशानी न हो इसके लिए सभी केंद्रों पर वाईफाई की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।- जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ प्रमोद कुमार