बागपत, दोघट। कस्बे के उपकेंद्र से जुड़ा एक ट्रांसफार्मर पिछले दस दिन से खराब है, जिस कारण कस्बे व इदरीशपुर गांव की विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है। खेतों के दो फीडर पर 24 घंटों में से सिर्फ छह-सात घंटे आपूर्ति दी जा रही है। जिससे किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोघट कस्बे में रहने वाले राजेंद्र, ब्रह्मपाल, सुखवीर सिंह, नरेंद्र आदि ने बताया कि कस्बे के विद्युत उपकेंद्र से जुड़ा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर 16 तारीख को खराब हो गया था। जिससे चार फीडर जुड़े हुए हैं। बताया कि एक ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद दूसरे ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन उसके लिए दोघट कस्बे और इदरीशपुर गांव के लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने के कारण कस्बे और इदरीशपुर गांव में दिन में सिर्फ 10 से 12 घंटे आपूर्ति दी जा रही है, जबकि खेतों के दो फीडर पर छह-सात घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। जिस कारण पानी, पशुओं के लिए चारे आदि के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
--
बिजली आते ही लगानी पड़ रही खेतों की तरफ दौड़
ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण खेतों में कम ही आपूर्ति दी जा रही है। जिस कारण फसल की सिंचाई के लिए बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है और बिजली आते ही खेतों की दौड़ लगानी पड़ रही है। -डॉ. पुष्पेंद्र कुमार
--
पेयजल के लिए परेशानी
दस दिन से ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण कई बार उपकेंद्र पर तैनात अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं की गई। आपूर्ति बाधित होने से पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। - रामपाल सिंह
--
सिंचाई के लिए बरसात का इंतजार
ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीण इलाकों में रोस्टर के अनुसार भी आपूर्ति नहीं मिल रही। खेतों में कुछ घंटे के लिए आपूर्ति दी जा रही है, जिससे सिंचाई नहीं हो पा रही। अब सिंचाई के लिए बरसात का इंतजार करना पड़ रहा है। - बैकुंठ पंवार
--
वर्जन-
एक ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से आपूर्ति बाधित चल रही है। ट्रांसफार्मर की डिमांड की गई है, एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर आने के बाद रोस्टर के अनुसार आपूर्ति दी जाएगी। - विकास कुमार, प्रभारी अवर अभियंता