बिना पंजीकरण चल रहे चार नर्सिंगहोम के संचालकों पर मुकदमा
बागपत, अमीनगर सराय। स्वास्थ्य विभाग की एसीएमओ और नोडल अधिकारी डॉ. दीपा सिंह को नियम विरुद्ध संचालित मिले चार नर्सिंगहोम के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। संचालक न तो नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन दिखा सके और न ही चिकित्सकों के प्रमाण पत्र दे पाए।
प्राइवेट नर्सिंगहोम की नोडल अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बृहस्पतिवार को अमीनगर सराय में हिसावदा रोड स्थित ऑर्थो क्लीनिक, होप हेल्थ केयर सेंटर, इंडियन हॉस्पिटल मल्टी स्पेशलिटी सेंटर व मलिक हेल्थ केयर सेंटर पर छापा मारा था। जिसके बाद थाने में तहरीर देते हुए डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि चारों नर्सिंग होम संचालकों से चिकित्सकों के प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज मांगे गए। लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। नोडल अधिकारी की तहरीर पर सिंघावली अहीर थाने में नर्सिंगहोम संचालक मोनू, मुबारक अली, आरिफ निवासी अमीनगर सराय व दिनेश निवासी बालैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद