बागपत के केतीपुरा मोहल्ले में चार हजार रुपये को लेकर विवाद हो गया। आरोप है नदीम एवं उसके भाई शादाब को आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शिकायत करने पहुंचे घायलों के साथ कोतवाली में भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। मामला बढ़ता देखकर पंचायत हुई, इसमें दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। नदीम का मंगलवार को निकाह है।
नगर के केतीपुरा मोहल्ला निवासी शादाब ने बताया भाई नदीम का तीन दिन पूर्व पशु पैठ में चार हजार रुपये को लेकर मोहल्ले के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया था। सोमवार की सुबह 9 बजे नदीम बाजार से शादी का सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने लाठी, डंडों एवं लोहे की सरियों से उस पर धावा बोल दिया।
इसमें नदीम गंभीर घायल हो गया। भाई को पिटता देख बीच बचाव के लिए आया भाई शादाब के साथ भी मारपीट करनी शुरू कर। इससे दोनों घायल हो गए। दोनों भाई परिजनों के साथ शिकायत करने कोतवाली पहुंचे तो वहां भी आरोपियों ने मारपीट कर दी तथा जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। झगड़े के बाद लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। देर शाम झगड़े को लेकर पंचायत हुई।
इसमें दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी गई। शादाब ने बताया उसके भाई नदीम की बारात मंगलवार को (आज) पिछौकरा जाएगी, इसलिए परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से मना कर दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने कहा मारपीट का मामला संज्ञान में है, लेकिन तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।