अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे की अग्रवाल धर्मशाला में शनिवार को सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह और रेलवे के अधिकारियों ने दुकानदारों के साथ बैठक की। सांसद ने दुकानदारों को आवंटन से अधिक भूमि से कब्जा हटाकर दस दिन में रेलवे का किराया ड्राफ्ट से जमा करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा करने व किराया जमा न करने पर रेलवे खुद जमीन से दुकानदारों का अवैध कब्जा हटवाएगा। जिन दुकानदारों पर रेलवे का किराया बकाया है, उनसे पुरानी दर पर ही किराया लिया जाएगा। व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि रेलवे ने 90 वर्ष पहले 136 दुकानदारों को भूमि किराए पर दी थी। 1970 में नार्थन रेलवे ने दुकानदारों को भूमि अलॉट कर दी थी।
इस भूमि के सहारे लगभग 200 परिवार अपने परिवार का पालन कर रहे हैं। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता वीरेंद्र कुमार ने कहा कि इस बारे में अधिकारियों से वार्ता चल रही है। विभाग से जिस तरह के दिशा-निर्देश मिलेंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में रेलवे के अधिकारी थान सिंह, राज रतन सिंह, सांसद प्रतिनिधि ठाकुर प्रदीप सिंह, चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार, विशाल चौधरी, अनिल गांधी, संदीप गोयल, अतुल जिंदल, पवन शर्मा, नफीस अहमद, मेहरद्दीन, प्रमोद जैन, हेमकांत आर्य, अब्दुल हमीद, सलीम, अतुल गोयल, रविंद्र कुमार, यूनुस खान, राजकुमार, लोकेश कुमार मौजूद रहे।