बागपत के बिनौली में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा की आगामी 15 अगस्त को फिर ट्रैक्टर क्रांति यात्रा होगी। इसके लिए 17 जुलाई को सिसौली में कार्यकारिणी की बैठक कर स्थान की घोषणा की जाएगी।
राकेश टिकैत ने मंगलवार को दादरी गांव में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि देश में केवल मोदी के ही चर्चे हैं। इसलिए देश में किसानों की फसलों के लिए एक मोदी एमएसपी गारंटी कानून भी बनना चाहिए।
इस क्षेत्र की गन्ना प्रमुख फसल है। किसानों को गन्ने का भुगतान नही मिलता, ये सबसे बड़ी समस्या है। यहां की मलकपुर मिल पर किसानों का सबसे ज्यादा बकाया है। एक हजार किसानों को एकत्र होकर ट्रैक्टर लेकर मोदीनगर चलकर वहां मोदी की अन्य इंडस्ट्रियों को बंद कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन को बचाकर रखे। किसानों को अपने हकों के लिए आंदोलन करते रहने होंगे। पहलवानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह उनके साथ है। उनकी खेल कमेटी जो निर्णय लेगी, उसी के अनुसार कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त को किसानों को जोड़कर फिर ट्रैक्टर क्रांति का आयोजन होगा। जिसके स्थान की घोषणा 17 जुलाई को सिसौली मे होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में की जाएगी।