संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। मुकुंदपुर गांव में जमीन को कब्जा मुक्त कराने गई टीम का कुछ लोगों ने विरोध किया। आरोपियों ने लेखपाल से जमीन के कागज छीनकर फाड़ दिए। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की देखरेख में जमीन को कब्जामुक्त कराया। वहीं, लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुकुंदपुर गांव में कुछ लोगों ने ग्राम समाज की करीब तीन बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ जमीन कब्जा मुक्त कराने गांव पहुंची। जिस पर जमीन पर कब्जा करने वालों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया और पुलिस की मौजूदगी में लेखपाल से छीनकर दस्तावेज फाड़ दिए। राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी चलवाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। लेखपाल संजीव ने दो लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी। थाना प्रभारी देवेश सिंह ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।