बागपत : बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में श्रद्धालुओं को प्रवेश करवाते सेवादार।
- फोटो : BAGHPAT
बिनौली (बागपत)। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के दर्शन के लिए बरनावा आश्रम में अनुयायी को प्रवेश मिलने लगा है। वहां गेट नंबर एक से प्रवेश दिया जा रहा है। राम रहीम के दूर से दर्शन कराए जा रहे हैं। दर्शन करने के बाद उनको उसी गेट से वापस भेजा जा रहा है। इस बारे में पता चलने पर काफी संख्या में अनुयायी पहुंचने लगे हैं।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम रोहतक जिले के सुनारिया जेल से एक माह की पैरोल मिलने के बाद बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रह रहे हैं। राम रहीम के बरनावा आश्रम में पहुंचने का पता चलने के बाद अनुयायी लगातार वहां पहुंच रहे थे, लेकिन उनको आश्रम में अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा था।
चार दिन बाद अनुयायी को अंदर प्रवेश दिया जाने लगा है। इसका पता चलने पर वहां अब ज्यादा संख्या में अनुयायी पहुंच रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से आश्रम के सभी गेटों पर पुलिस बल के साथ ही सेवादार तैनात है।