बालैनी (बागपत)। मेरठ-बागपत रोड पर चुनमुन होटल के समीप स्थित एक ईंट-भट्ठे पर सोमवार शाम कमरे की छत गिर गई। इसके मलबे में दबकर दो सगी व एक चचेरी बहन की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
मेरठ-बागपत रोड पर चुनमुन होटल के समीप स्थित ईंट भट्ठे पर जलालपुर गांव निवासी यामीन का परिवार रहता है। यामीन अपने परिवार के साथ ईंट पथाई करता है। वे भट्ठे पर बने कमरे में रहते हैं। वहां सोमवार शाम एक कमरे में उसकी बेटियां शहरुणा (15), सानिया (11) व भतीजी माहिरा (3 माह) सोई हुई थीं। इसी दौरान कमरे की जर्जर छत भरभराकर गिर गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूर भी पहुंच गए। तीनों बहनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसकी जानकारी पाकर भट्ठा मालिक व बालैनी पुलिस पहुंच गई। वहां यामीन ने आरोप लगाया कि जिस क्वार्टर में उसका परिवार रहता था, वह काफी जर्जर हो चुका था। इसकी भट्ठा मालिक से कई बार शिकायत की र्गई। इसके बावजूद ध्यान नहीं दिया गया। जिसके परिणामस्वरूप हादसा हो गया। बालैनी थाना प्रभारी कुशलेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।