दाहा/दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा गांव में ट्रक में लदे गन्ने में तार उलझने से बिजली के तीन खंभे टूट गए, तभी वहां से गुजर रहे कई राहगीर बाल-बाल बच गए। खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई और वहां जाम लग गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोघट क्षेत्र से गन्ना क्रय केंद्र से गन्ने से लदा ट्रक भैसाना चीनी मिल जिला मुजफ्फरनगर जा रहा था। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जैसे ही दाहा गांव में पहुंचा तो ऊपर से गुजर रहे तार गन्ने में उलझ गए। आसपास खड़े ग्रामीण विपिन राणा, अंकित, सोनू, विकास आदि ने शोर मचाकर ट्रक को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन चालक ने ट्रक दौड़ा दिया। इससे बिजली के तीन खंभे टूटकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया। उधर, सड़क पर खंभे गिरने के बाद तारों में चिंगारी उठने से लोग भयभीत हो गए और उनकी चपेट में आने से कई राहगीर बाल-बाल बच गए। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणोंं ने बिजलीघर पर जानकारी देकर आपूर्ति बंद कराई। इससे करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वहां आए ऊर्जा निगम के कर्मियों ने खंभे हटवाकर जाम खुलवाया। दाहा गांव के ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई। इस मामले में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता केके पटेल ने थाने में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ विजय कुमार का कहना है कि ट्रक चालक का पता किया जा रहा है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।