संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में शुक्रवार को हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही जांच में नाम सामने आने के बाद पुलिस ने भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष समीर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी सुरेश ने कोतवाली पर मौजूद्दीन, वकील, संजय, नफीश, गुलशेर, इरशाद, जावेद के खिलाफ घर में घुसकर हमला और पथराव करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष समीर निवासी मोहल्ला केतीपुरा बागपत और वकील अहमद निवासी खुब्बीपुर निवाड़ा का नाम भी प्रकाश में आया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष समीर, वकील व जावेद खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारी से की शिकायत
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी होने के बाद मंडल प्रभारी जिशान के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें जिलाध्यक्ष को रिहा कराने की मांग की। इस दौरान जसबीर, दीपक, कुलदीप, बबली, कृष्ण, मोनिका आदि शामिल रहे।