संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। गाजियाबाद से सरकारी डाक देकर लौट रहे एनसीसी की 85 यूपी बटालियन के हवलदार की कार में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शराब पीकर गाड़ी चला रहे तीन युवकों ने टक्कर मार दी। इससे हवलदार की कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिसमें वह घायल भी हो गए। उधर, तीनों आरोपियों को लोगों ने पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
घायल हवलदार अमित कुमार हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। वह शामली जनपद में एनसीसी की 85यूपी बटालियन में तैनात है। अमित के मुताबिक वह बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से सरकारी डाक देकर लौट रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौली गांव के पास शराब पीकर गाड़ी चला रहे तीन युवकों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे अमित की कार हाईवे किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें वे भी घायल हो गए। घटना के बाद शराबी युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें धर दबोचा और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर शामली से बटालियन के अफसर और कर्मचारी भी पहुंच गए और कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि तीनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।