बागपत जनपद में डेढ़ माह से बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात जिले में अग्रवाल मंडी टटीरी के लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष समेत तीन की बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई।
करीब तीन दिनों से यशपाल जैन बुखार से ग्रस्त थे। ब्लड की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। उनका दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार रात उनकी अचानक हालत बिगड़ गई।
उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह अग्रवाल मंडी टटीरी में उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
इसके अलावा सिसाना गांव निवासी भीम सिंह पिछले चार दिन से बुखार से पीड़ित थे। परिजनों ने उन्हें दिल्ली अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर गाजियाबाद अस्पताल लेकर पहुंचे। शनिवार देर रात उनकी बुखार से उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
लोगों ने बताया कि इससे पहले गांव की सीमा (45), किशोरी (55), जगनो (85) समेत चार की मौत हो चुकी है। अभी भी 50 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं।
शिकायत करने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न गांव में कैंप लगाया और न ही कीटनाशक का छिड़काव किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के रवैये से लोगों में रोष व्याप्त है। सीएमओ डॉक्टर रविंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। साथ ही कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया जाएगा।
बिनौली के शेखपुरा गांव निवासी छह वर्षीय रिहान पुत्र इरशाद को 15 दिन से बुखार आ रहा था। मेरठ में उपचार से आराम नहीं मिलने पर उसे दिल्ली भर्ती कराया गया था। रविवार को बच्चे की मौत हो गई।
गौरतलब है कि बुखार से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य कैंप लगवाए जाने की मांग की है।