बड़ौत कोतवाली में पीड़ित महिलाओं के साथ नोकझोंक करते पुलिसकर्मी
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। बड़ौली गांव में रुपयों के लेनदेन के मामले में मारपीट की शिकायत करने कोतवाली पहुंचे मां-बेटे के साथ पुलिस कर्मियों ने अभद्रता करते हुए धमकाते हुए भगा दिया। इस दौरान मीडियाकर्मी के साथ भी अभद्रता करने का मामला भी प्रकाश में आया है।
बड़ौली गांव की राजेश ने बताया कि बड़े बेटे को चालन-चलन ठीक नहीं होने पर संपत्ति से बेदखल कर रखा है। अभी हाल में उसकी आठ लाख रुपये की एफडी पुरी हुई। रविवार को उसका बड़ा बेटा अपनी पत्नी, साले को साथ लेकर घर पहुंचा और रुपये देने का दबाव बनाया। मना करने पर मारपीट की। उसे बचाने आए उसके छोटे बेटे दीपक के साथ भी मारपीट कर दी। आरोप है कि 50 हजार रुपये भी छीनकर ले गए। इस मामले की शिकायत लेकर पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा।
आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनकी एक नहीं सुनी और अभद्रता करते हुए कोतवाली से धमकाते हुए भगा दिया। इस दौरान घटनाक्रम की कवरेज कर रहे एक मीडिया कर्मी के साथ भी एलआईयू में तैनात एक कर्मी ने अभद्रता की। जिस हंगामा हो गया। हंगामा बढ़ता देख उनकी तहरीर ली गई। बाद में पीड़ित पक्ष और मीडिया कर्मी एसपी से शिकायत करने की बात कहते हुए वहां से लौट गए।
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर ले ली गई है, जिसकी जांच की जा रही है। मीडिया कर्मी से अभद्रता के मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। एलआईयू कर्मी का कहना है कि कोई अभद्रता नहीं की, बस वीडियो बनाने और कवरेज न करने की बात कही थी।