बालैनी। दत्तनगर गांव में कबूतरबाजी प्रतियोगिता के नाम पर कबूतरों को उड़ाकर सट्टा लगाए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापामारी की। जहां कबूतरों पर सट्टा लगाने वाले पुलिस कर्मियों से भिड़ गए और उनके बीच हाथापाई भी हुई। पुलिस से हाथापाई करके 17 सट्टेबाज भाग गए, जबकि पुलिस ने 23 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह को गिरफ्तार कर लिया।
दत्तनगर गांव में बुधवार को कबूतरबाजी प्रतियोगिता कराई जा रही थी। कई गांवों के कबूतरबाज अपने कबूतरों को लेकर पहुंचे। जहां कबूतरबाजी प्रतियोगिता शुरू होते ही पुलिस ने छापामारी कर दी। जहां पुलिस ने विकास निवासी निवाड़ी, नितिन, अमरीश निवासी दत्तनगर, बबलु निवासी परतापुर, सोनू निवासी हरियाणा और वाहिद निवासी खिवाई को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 17 कबूतरबाज पुलिस से हाथापाई के दौरान भाग गए। जहां से पुलिस ने दो कबूतर, आठ हजार रुपये की नकदी, कबूतरों का दाना समेत अन्य सामान बरामद किया। थाना प्रभारी साक्षी सिंह का कहना है कि 23 कबूतरबाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
कबूतर के ज्यादा देर उड़ने को लेकर लगता है सट्टा
दत्तनगर गांव में कबूतरबाजी प्रतियोगिता के लिए पर्चे बांटकर कई जिलों के कबूतरबाजों को इकट्ठा किया गया था। जहां कबूतरबाजों ने अपने कबूतर के सबसे देर तक उड़ने का दावा करते हुए सट्टा लगाया। दत्तनगर गांव में कबूतरों पर लाखों रुपये का सट्टा लगाया गया।