बागपत। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में चौधरी चरण सिंह के साथ किसानों को जोड़ा तो गर्मी व कमल के फूल के साथ नल की जरूरत को जोड़कर रखा। उन्होंने कहा कि वैसे भी गर्मी बढ़ती जा रही है और ऐसे में नल की जरूरत भी बढ़ेगी। यहां 26 अप्रैल का मतदान है तो गर्मी काफी होगी, इसलिए नल को जरूर चलाना पड़ेगा।
गेटवे स्कूल में विजय शंखनाद रैली में उन्होंने कहा कि बागपत को लेकर सांसद ने मुझे जितने भी प्रस्ताव दिए, उन सभी को 24 घंटे में मंजूर करके कार्य कराया। अगर कोई कार्य केंद्र से कराना था तो उसका प्रस्ताव मंजूर करके वहां भेजा गया। वह आगे भी इस तरह से विकास कार्य जारी रखना चाहते हैं और इसके लिए रालोद-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान को संसद में जरूर पहुंंचाना होगा।
उन्होंने कहा कि जब डाॅ. राजकुमार सांगवान को एनओसी लेने की बात आई तो उनपर कुछ नहीं मिला और पता चला कि वह खुद एनओसी है। इसलिए विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ाए रखने व विकास कार्य जारी रखने के लिए मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना होगा।
यह साझा मंच और साझा लड़ाई: जयंत
-रालोद अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह व चौधरी अजित सिंह की तरह लोगों के हित में रहेंगे आगे के भी फैसले
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि यह साझा मंच और साझा लड़ाई है। भाजपा और रालोद देश के हित के लिए एक हुए हैं। उन्होंने कहा कि नैतिकता और ईमानदारी की बातें करना आसान है मगर उन्हें निभाना बड़ा मुश्किल होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश हित के लिए कार्य कर रहे हैं। मतदाता का धर्म उसके प्रत्याशी की नीति के अनुसार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली भ्रष्टाचार और जातिवाद के खिलाफ है। प्रदेश में चौधरी चरण सिंह नीति के अनुसार लघु और कुटीर उद्योगों का बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में सबसे अधिक लघु उद्योग गांवों में चल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव के बाद रटौल आने का न्योता भी दिया।
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह लोगों के हित को लेकर फैसला लेते थे। उस तरह ही वह भी उनके फैसलों को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि रालोद का चुनाव लड़ने का तरीका अलग है। भाजपा के साथ चुनाव लड़ रहे हैं और उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। जिस तरह चौधरी अजित सिंह के सभी निर्णयों में जनता उनके साथ खड़ी होती थी। उन्होंने हमेशा बड़े-बड़े निर्णय लिए, लेकिन जनता के हित का हमेशा सोचा और फिर आगे कदम बढ़ाया। उनसे सीख लेकर ही उन्होंने भी निर्णय लिया है और गठबंधन का कदम बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि बागपत भी 400 के नारे के साथ चलेगा और प्रधानमंत्री के संदेश से दूर नहीं रहेगा। चौधरी चरण सिंह की नीतियां हमेशा ईमानदारी की रही हैं। चौधरी चरण सिंह की कार्यप्रणाली थी कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाया जाए। जिस पर सरकार काम कर रही है। चौधरी साहब ने शिक्षण संस्थानों से जातिसूचक शब्दों को हटाया। बड़ौत में भी जाट कॉलेज से जनता कॉलेज नाम रखा।
सांगवान ने कहा कि न खाएंगे, न खाने देंगे
रालोद-भाजपा गठबंधन प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान ने मंच से ऐलान किया कि वह न खाएंगे और न ही खाने देंगे। वह चौधरी चरण सिंह की नीतियों पर चलते हैं और उनपर ही चलते रहेंगे। जिस पर चौधरी जयंत ने बाद में कहा कि डाॅ. सांगवान की इस बात से बहुत लोगों को मिर्ची लगी होगी, लेकिन बागपत के लोगों को यह बात पसंद आई है।
जयंत ने सीएम को दिया रटौल में आम की दावत में आने का न्यौता
रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रटौल के आम का स्वाद चखने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि जीत के बाद आम का सीजन भी शुरू हो जाएगा और बागपत के रटौल का आम विश्व विख्यात है। उन्होंने सीएम से कहा कि जीत के बाद रटौल आकर वहां बाग में बैठकर आम की दावत की जाएगी।
सांसद डा. सत्यपाल का छलका दर्द, विकास कार्य भी गिनाए
सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह का शुक्रवार को विजय शंखनाद रैली में दर्द साफ छलका। उन्होंने कहा कि उनको पीएम नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने वर्ष 2014 में यहां भेजा तो उस समय जिले में बुरे हालात थे। सड़कों का बुरा हाल था तो कोई विकास कार्य नहीं होता था। वह यहां चुनाव लड़ने आए तो उनके कार्यकर्ताओं को गांवों में पीटा गया। उनपर भी हमला करके डराया गया। मगर वह पीछे नहीं हटे और सीएम योगी आदित्यनाथ व पीएम नरेंद्र मोदी से जिले में कई बड़े प्रोजेक्ट पास कराकर विकास में बागपत को चमकाया। सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह ने विकास कार्य भी गिनाए।
मंच पर जाने से रोके पूर्व विधायक व कई अन्य नेता
सीएम योगी आदित्यनाथ के मंच पर जाने के लिए भाजपा के कई नेता लाइन में लगे रहे। इनमें पूर्व विधायक समेत कई नेता शामिल थे। उनको सीएम सुरक्षा में लगे जवानों ने मंच पर नहीं जाने दिया। उसके बाद भी वह नेता मंच के पास ही खड़े रहे, मगर मंच पर जाने का उनका सपना अधूरा रह गया।
रैली में यह रहे मौजूद
प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, केपी मलिक, विधायक योगेश धामा, प्रो. अजय कुमार, मदन भैया, गुलाम मोहम्मद, धर्मेंद्र भारद्वाज, मंजू सिवाच, जिला प्रभारी डा. चंद्रमोहन, जितेंद्र सतवई, रैली प्रभारी प्रदीप ठाकुर, सुखबीर सिंह गठीना, कृष्णपाल चेयरमैन, स्कूल प्रधानाचार्य अमित चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय, रालोद के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, रामपाल धामा, शशांक मलिक, सतीश चौधरी, ओमवीर ढाका, राजू तोमर सिरसली, अनिल तोमर, सुनील मेवला शामिल रहे।
-
भाजपा नेता ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाया
बागपत। जनसभा समाप्त होने पर सीएम को ज्ञापन देने पहुंचे भाजपा के देहात मंडल अध्यक्ष सुनील मेवला की पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोक हो गई। इसके बाद सीएम को सौंपे ज्ञापन में भाजपा नेता ने सड़कों के निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर घटिया सामग्री से सड़कों का निर्माण कराने का आरोप लगाया और जिला स्तरीय अधिकारियों की समिति बनाकर जांच कराने की मांग की। संवाद