बड़ौत। बड़ौली रोड स्थित नर्सिंग होम में तीन दिन पूर्व महिला की मौत होने का मामला स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के संज्ञान में पहुंच गया है। परिजनों का आरोप था कि मौत होने के बावजूद चिकित्सक ने शव को वेंटिलेटर पर रखा और अवैध वसूली की। बड़ौत सीएचसी अधीक्षक से मामले की जांच की मांग की गई है।
तीन दिन पूर्व नगर की बड़ौली रोड स्थित नर्सिंग होम मेें गर्भाशय के ऑपरेशन के दौरान सिनौली गांव की 60 वर्षीय महिला जैबुनी पत्नी इकबाल की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि महिला की मौत होने के बावजूद चिकित्सक ने रुपयों के लालच में काफी समय तक शव को वेंटिलेटर पर रखे रखा। इसकी एवज में प्रतिदिन 20 हजार रुपये वसूले गए। मौके पर पहुंची पुलिस व अस्पताल कर्मियों से परिजनों की नोकझोंक भी हुई थी। हासिम, जुबैर, फातिमा, इमराना, जावेद, हुसैन, प्रवीण, प्रवीणा, शकीला, आबिदा आदि ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार को पत्र देकर मामले की जांच की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, सीएमओ के निर्देश पर जांच शुरू की जाएगी।