लोयन गांव का मामला, ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। लोयन गांव में धर्म स्थल के परिसर में मृत गोवंश दबाए जाने से अनुसूचित वर्ग के लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने शुक्रवार को कोतवाली में प्रदर्शन कर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोयन गांव में बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान ने एक मृत गोवंश गांव के धर्म स्थल में दबाया। अनुसूचित वर्ग के लोगों ने इसका विरोध किया तो, आरोप है कि ग्राम प्रधान ने उन्हें धमकाया और कहा कि इसका विरोध किया तो गांव छोड़ना पड़ जाएगा। वहां खड़े कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया। शुक्रवार को अनुसूचित समाज के लोग बड़ौत कोतवाली पहुंचे और प्रधान के खिलाफ करवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे।
हंगामा व कार्रवाई की मांग करने वालों में अश्वनी कुमार, मदनलाल, जयभगवान, जय सिंह, संजीव, इंद्रपाल आदि शामिल रहे। हालांकि बाद में मामला बढ़ता देख इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
वर्जन -
उनके पास मृत गाेवंश को दफनाने के लिए फोन आया था, जिसके बाद उन्होंने जेसीबी भेज दी थी। उन्हें धर्म स्थल में मृत गोवंश दफनाए जाने की कोई जानकारी नहीं है। धमकाने व गांव छोड़ने की धमकी देने का आराेप भी झूठा है। - संतकुमार, ग्राम प्रधान लोयन
वर्जन-
कुछ ग्रामीण शिकायत लेकर कोतवाली आए थे और ग्राम प्रधान पर तमाम आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शिकायत प्राप्त होने के बाद वह टीम लेकर गांव पहुंचे और मामला शांत कराया। - देवेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर बड़ौत।