बागपत। शहर के एक भाजपा नेता पर रुपये नहीं देने का आरोप लगा लोगों ने प्रभारी के सामने जिला कार्यालय पर हंगामा किया। वहां भाजपा पदाधिकारियों और हंगामा करने वालों के बीच नोकझोंक भी हुई।
शहर के रहने वाले गौरव चौहान, टीटू भारद्वाज, आशु जैन, इरशाद, पवन कुमार, आशीष राणा आदि ने बताया कि एक भाजपा नेता कमेटी डालता है। आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने कमेटी पूरी होने के बाद काफी लोगों के लाखों रुपये वापस नहीं किए। रुपये मांगने पर मारपीट कर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देता रहता है। आरोप लगाया कि कई लोगों के साथ मारपीट भी हो चुकी है। भाजपा कार्यालय पर काफी देर तक हंगामा होने के बाद जिला प्रभारी चंद्रमोहन सिंह ने लोगों को किसी तरह शांत किया। जिला प्रभारी ने कहा कि लोगों से लिखित में शिकायत मांगी गई है। शिकायत के आधार पर जांच कराकर आगे फैसला लिया जाएगा। जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने कहा कि भाजपा नेता के लोगों के रुपये देने का मामला संज्ञान में नहीं है। जो लोग आरोप लगा रहे है, उन्हें भाजपा नेता के सामने बैठाकर सच्चाई का पता किया जाएगा। इस मामले में गंभीरता से लिया जाएगा।