बिनौली। जौहड़ी गांव में टंकी का निर्माण होने से पहले ही क्षतिग्रस्त होनी शुरू हो गई है। टंकी परिसर की दीवार गिर गई और वहां बिछाई गई पाइप लाइन भी पूरी तरह से टूट गई। वहीं ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाते हुए डीएम से जांच कराने की मांग की है।
जौहड़ी गांव में ग्रामीणों को पेयजल देने के लिए जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जल निगम की ओर से तीन करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। बुधवार की रात हुई बारिश के बाद दीवार गिर गई। इसके साथ ही वहां बिछाई गई पाइप लाइन भी पूरी तरह से टूट गई। टंकी के नीचे का हिस्सा भी धंस गया और टंकी में जगह-जगह से दरारें आनी शुरू हो गईं हैं। इसकी वजह से वह भी गिरने के कगार पर पहुंच गई है। यदि पानी की टंकी गिर गई तो वहां बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में ग्रामीणों के अंदर भय का माहौल बना हुआ है।
- मार्च में होना था कार्य पूरा, अभी तक नहीं हुआ
टंकी निर्माण का कार्य मार्च में पूरा किया जाना था, लेकिन कंपनी की धीमी गति के कारण अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका। अगस्त भी बीतने वाला है, लेकिन काफी कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने घटिया सामग्री का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।
- टंकी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाई गई है। दीवार गिरने से इसका पता भी चलता है। डीएम से शिकायत कर मामले की जांच करने के लिए समिति का गठन करने की मांग की जाएगी। - सोहनपाल सिंह, प्रधान
- कंपनी द्वारा लगातार टंकी का निर्माण कार्य करने में लापरवाही बरती जा रही है। टंकी में जगह-जगह दरारें आनी शुरू हो गईं हैं। जब दीवार पहली बारिश में गिर गई तो टंकी का क्या होगा। ऐसे में ग्रामीणों की जान को भी खतरा हो सकता है। - राजकुमार कश्यप
- टंकी निर्माण कार्य की जांच होनी चाहिए। क्योंकि संस्था द्वारा घटिया सामग्री लगाई जा रही है। मार्च में ग्रामीणों को शुद्ध पानी मिलना था, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं होने के कारण पानी तक नहीं मिल पा रहा है। - बीरबल
- वर्जन
- बारिश आने के कारण वहां जलभराव होने के कारण दीवार गिर गई है। दीवार गिरने के कारण ही पाइप लाइन टूटी है। मामले की जांच कराई जाएगी कि दीवार कैसे गिर गई है। - दिनेश जायसवाल, प्रबंधक निर्माण कंपनी