बागपत। निकाय चुनाव की घोषणा होने के बाद से प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर चल रहा इंतजार आखिर रविवार को खत्म हो जाएगा। क्योंकि नामांकन का एक ही दिन बाकी रहने के कारण सभी पार्टियों के प्रत्याशी रविवार को घोषित कर दिए जाएंगे। जिसके बाद सभी नामांकन करके अपनी जीत के लिए जनता के बीच जाएंगे।
बागपत में तीन नगर पालिका और छह नगर पंचायत हैं, लेकिन अभी तक रालोद ने बागपत व खेकड़ा नगर पालिका से अपने प्रत्याशी घोषित किए है, जबकि आप ने बागपत, बसपा ने बड़ौत, कांग्रेस ने बागपत, बड़ौत के साथ तीन नगर पंचायतों से प्रत्याशी उतारे हैं।
भाजपा ने एक भी नगर पालिका व पंचायत पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की। जबकि अब नामांकन के केवल रविवार और सोमवार का दिन बाकी रह गया है। ऐसे में सभी पार्टियों के लिए रविवार को अपने प्रत्याशी घोषित करना जरूरी हो गया है।
वह रविवार को प्रत्याशी घोषित नहीं करेंगे तो सोमवार को एक दिन में नामांकन नहीं हो सकेगा। इस तरह सभी का इंतजार खत्म हो गया है और रविवार शाम तक भाजपा, रालोद समेत सभी पार्टियों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रत्याशियों को लेकर खूब कयास लगाए जा रहे
सबसे ज्यादा कयास भाजपा के प्रत्याशियों को लेकर लगाए जा रहे हैं तो रालोद के बड़ौत प्रत्याशी को लेकर भी काफी चर्चाएं चल रही हैं। यह माना जा रहा है कि रालोद से बड़ौत के पूर्व प्रत्याशी के परिवार से ही दोबारा प्रत्याशी उतारा जाएगा। वहीं भाजपा में दो दावेदारों के बीच कड़ी टक्कर चल रही है और बागपत, अमीनगर सराय, रटौल भी दो दावेदारों में टिकट को लेकर कड़ी टक्कर है। इसलिए ही जल्द नाम की घोषणा नहीं की गई और एक दिन पहले ही घोषणा होगी।