बिनौली थाने में हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाते पुलिसकर्मी
- फोटो : BAGHPAT
सिपाही ने युवक को थप्पड़ मारा, अभद्रता पर इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
बागपत, बिनौली। एक गांव के लोगों ने इंस्पेक्टर पर सुनवाई नहीं करने और एक सिपाही पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए थाने में हंगामा किया। उस गांव से लापता किशोरी के मामले में जानकारी करने के लिए परिजन व ग्रामीण थाने पहुंचे थे। जहां इंस्पेक्टर के साथ महिलाओं की नोकझोंक हुई और घंटों तक हंगामा चलता रहा। जांच के बाद एसपी ने इंस्पेक्टर विरजाराम को लाइन हाजिर कर दिया है।
थानाक्षेत्र के एक गांव से चार दिन पहले एक किशोरी स्कूल गई थी। घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर किशोरी को ले जाने का शक जताते हुए बिनौली थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। किशोरी के परिजन शनिवार को ग्राम प्रधान के साथ थाने पहुंचे ओर इंस्पेक्टर से मुकदमे के बारे में जानकारी करने लगे। आरोप है इंस्पेक्टर ने उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और उठकर चल गए।
यह सूचना गांव में अन्य परिजनों तक पहुंची तो गांव से अन्य लोग व महिलाएं ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर बिनौली थाने पहुंचे गए। आरोप है कि थाने में एक युवक को पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इससे ग्रामीण भड़क गए और थाने का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। वहां इंस्पेक्टर भी पहुंच गए तो उनके साथ महिलाओं की खूब नोकझोंक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी ही बेटी लापता हुई है और पुलिस उनका ही उत्पीड़न कर रही है। करीब दो घंटे तक थाने पर हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा पहुंचे और किसी तरह लोगों को शांत कर किशोरी की जल्द ही बरामदगी करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही युवक का मोबाइल वापस दिलवाया गया।
वर्जन
- थाने पर हंगामे को लेकर लोगाें ने थानाध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप लगाया था। सीओ से मामले की जांच कराई गई, मामला सही पाया गया। जिस पर इंस्पेक्टर विरजाराम को हटा दिया गया है। विरजाराम के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। -नीरज कुमार जादौन, एसपी