संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सूरज की तपिश झुलसा रही है। दिनभर चल रही लू भी परेशानी बढ़ा रही है। गर्मी अधिक होने के कारण लोगों का बुरा हाल है और घरों में कैद होने के लिए मजबूर हैं। दोपहर में तेज धूप होने से लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा।
गर्मी का सितम लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और लू के कारण लोग बेहाल हैं। दोपहर में गर्मी अधिक होने पर लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर में नगर की गली, मोहल्ले से लेकर मुख्य मार्गों, बाजारों और हाईवे पर लोगों की आवाजाही कम हो रही है। दोपहर में नगर के बाजारों में इक्का-दुक्का लोग ही दिखाई दे रहे हैं। गर्मी अधिक होने के कारण लोग सुबह-शाम जरूरी निपटा रहे हैं। दोपहर के बाद धूप कम होने पर मार्गों और बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। उधर, चिकित्सक भी लोगों को तेज धूप में घर से बाहर न निकलने और घर से निकलते समय सिर को ढककर और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने गर्मी से बचाव के लिए धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है।