खेकड़ा। जिला जेल में बंद बंदियों से उनके परिजन 16 अगस्त से कोरोना गाइडलाइन के तहत मुलाकात कर सकेंगे। इसके लिए बंदियों के परिजनों को कोरोना की 72 घंटे के अंदर की रिपोर्ट लानी होगी।
क्षेत्र के गांव अब्दुलपुर में 660 बंदियों की क्षमता वाली जेल है। इसमें करीब 950 बंदी बंद हैं। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के चलते बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात पर रोक लगा दी गई थी। लंबे समय से उनके परिजन परेशान थे। रक्षाबंधन और भैया दूज पर्व पर जेल प्रशासन बंदियों की उनकी बहनों से खुली मुलाकात कराता था। जेल अधीक्षक ब्रजेंद्र कुमार का कहना है कि 16 अगस्त से बंदियों के परिजन जेल पर पहुंचकर बंदियों से कोरोना गाइडलाइन के तहत मुलाकात कर सकेंगे। परिजनों को अपने साथ 72 घंटे पूर्व की कोरोना जांच रिपोर्ट लानी आवश्यक है। इसके बिना किसी भी बंदी की परिजनों से मुलाकात नहीं होने दी जाएगी। संवाद