बीडीओ को शिकायती पत्र सौंपते ग्राम सचिव, जेई और ग्राम पंचायत सहायक
बड़ौत। कंडेरा गांव के प्रधानपति पर ग्राम सचिव का डोंगल छीनकर नियम विरुद्ध भुगतान करने, ग्राम सचिव को प्रताड़ित करने के अलावा ग्राम पंचायत सहायक को मानदेय न देने और बिना स्टीमेट निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में शिकायत प्राप्त होने पर बीडीओ ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।
बीडीओ ज्योति बाला को शिकायत पत्र सौंपते हुए ग्राम सचिव गंगा राम ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पति पंकज ने उससे डोंगल छीन लिया और नियम विरुद्ध भुगतान किया जा रहा है। आरोप है कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उधर, पंचायत सहायक शिवम ने भी अप्रैल माह का मानदेय न मिलने की शिकायत की। वहीं गांव में तैनात जेई अनुज का आरोप है कि बिना काम किए अवैध भुगतान किया जा रहा है। आरोप लगाया कि बिना स्टीमेट निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों में गड़बड़ी की आंशका है। तीनों ने ग्राम प्रधान पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीडीओ को शिकायत की। इसके बाद बीडीओ ज्योति बाला ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।
-आरोप झूठे, मांगा जा रहा कमीशन
मैं भारतीय स्टेट बैंक में कर्मचारी हूं। मेरी छवि धूमिल करने के लिए झूठेे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद ग्राम सचिव और जेई कमीशन की मांग कर रहे हैं, मना करने पर उन्होंने इस तरह के झूठे आरोप लगाए। बताया कि मेरे द्वारा कोई भुगतान नहीं किया गया। पंकज तोमर ग्राम प्रधान पति