बैंक मैनेजर के उत्पीड़न से आहत होकर निबाली गांव के किसान जगत सिंह द्वारा आत्महत्या करने के मामले में क्षेत्र के किसान बैंक मैनेजर के खिलाफ लामबंद हो गए है।
उन्होंने कहा बैंक मैनेजर के दुर्व्यवहार से काफी किसान आहत हैं। आरोपी मैनेजर घर पर जाकर भी किसानों की बेइज्जती करते हैं। उन्होंने अफसरों से आरोपी मैनेजर के खिलाफ उच्चाधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी, निबाली, बली, सूरजपुर महनवा, अहमदपुर गठीना, अहमद शाहपुर पदड़ा गांव के किसान अंकित, अंकुर, संजय, सतपाल, तेजपाल ने बताया अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित एक बैंक के शखा मैनेजर का व्यवहार अत्यंत खराब है।
आरोपी मैनेजर आए दिन किसानों के साथ झगड़ा करते हैं। उनके उत्पीड़न के कारण ही 27 मई को निबाली गांव के किसान जगत सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है।
आरोपी बैंक मैनेजर क्षेत्र के कृषकों के घर पर आरसी जारी करके अमीन के साथ 10-15 लोगों को लेकर जाते हैं और किसानों को तंग और परेशान करते हैं और उनके साथ गाली गलौच करते हैं।
इतना ही नहीं किसानों के घर से सामान उठाकर ले जाते हैं। कई बार बैंक मैनेजर की अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर मामले की जांच कराकर बैंक मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।