बागपत। मुगलपुरा मोहल्ला में अपने से तीन साल बड़ी बहन रीना की हत्या करके कोतवाली पहुंचा सादिक (19) ने अभी चार-पांच हत्या ओर करने की धमकी दे डाली। उसके निशाने पर कौन-कौन है, इसका पुलिस पता लगाएगी। यह बताया जा रहा है कि उसने कोई नशीला पदार्थ खाया हुआ है। जिससे वह हवालात में आराम से सो गया और पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
नई बस्ती मोहल्ला मुगलपुरा में रहने वाले हारून के चार बेटे और चार बेटी हैं। जिसमें रीना तीसरे नंबर और सादिक पांचवे नंबर का है। बताया कि सादिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहने के कारण कई बार जेल जा चुका है। वह दो दिन पहले बागपत जेल से जमानत पर आया तो अपनी बहन को ससुराल जाने के लिए कहा। उसने जाने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद से ही सादिक अपनी बड़ी बहन रीना से गुस्सा हो गया था। सादिक ने रीना को फोन पर बातचीत करने को लेकर भी टोका था। वह उससे कहता था कि जब ससुराल वालों से समझौता हो चुका है तो वह वापस क्यों नहीं जाती है।
पुलिस के साथ घर गए सादिक को परिजनों ने पीटा
कोतवाली पहुंचे हत्यारोपी सादिक को लेकर पुलिस उसके घर पहुंची। जहां शव के आसपास खड़े परिवार वाले सादिक पर टूट पड़े। जहां पिता हारून और अन्य लोगों ने सादिक की पिटाई कर दी। जिसके बाद वहां हंगामा बढ़ गया। जिसके बाद पुलिसकर्मी सादिक को बचाकर मकान से बाहर लाए।
एक घंटे तक चुप्पी साधे रहे परिजन, शव भी उठाकर ले गए
मुगलपुरा मोहल्ला में रीना की हत्या के बाद पहुंचे परिजन एक घंटे तक चुप्पी साधे रहे। जो आफसा के घर पहुंचे और शव उठाकर अपने घर ले आए। सादिक के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस को हत्या की घटना का पता चला। बताया कि मृतका रीना और आफसा के घर के बीच करीब 200 मीटर से अधिक दूरी है।
मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी, सुनते ही चौंक गए पुलिस वाले
कोतवाली में पहुंचे मुगलपुरा मोहल्ला के सादिक ने जैसे ही पुलिस वालों के सामने कहा कि मैंने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी तो पुलिस वाले चौंक गए। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने सादिक को हिरासत में लेकर मोहल्ला मुगलपुरा में घटना की सच्चाई का पता किया।