किसानों के लिए कील, पूंजीपतियों के लिए कालीन बिछाती है सरकार : जयंत
ढिकौली में हुई किसान महापंचायत में रालोद उपाध्यक्ष ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
बागपत। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र में पूंजीपतियों की सरकार है, जो किसानों के लिए कील और पूंजीपतियों के लिए कालीन बिछाती है। कृषि कानून की आड़ में ये लोग पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। इनकी गलत नीतियों ने देश को कई साल पीछे धकेल दिया है।
ढिकौली के महात्मा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि वर्तमान में देश के हालात खराब हैं। सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने वालों को देश विरोधी करार दिया जा रहा है। झूठे मुकदमे में जेल भेजा जा रहा है। किसानों के आंदोलन को भी दबाने का प्रयास किया गया। 26 जनवरी की घटना को पूरी तैयारी के साथ देश विरोधी दर्शाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और किसान से बड़े नहीं हैं। लेकिन अंधभक्त उनकी गलत नीतियों का भी खुलकर समर्थन करते हैं। नोटबंदी और कोरोनाकाल में बिना किसी तैयारी के लॉकडाउन ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया। छोटे कारोबारी बर्बाद हो गए लेकिन अंबानी ने 90 करोड़ रुपये प्रति घंटा कमाए। 40 नए अरबपति देश में पैदा हो गए। सरकार की गलत नीतियों के कारण ही महंगाई आसमान छू रही है। जनता इन लोगों को वोट से जवाब देगी।