प्रेमी संग शादी की जिद पर अड़ी थी युवती, परिजन कर रहे थे इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। आखिकार युवती कोतवाली से प्रेमी संग चली गई। इस दौरान पुलिस ने प्रेमी व उसके परिजनों को युवती को परेशान न करने की हिदायत दी।
दरअसल छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती नगर की एक कॉलोनी में परिवार के साथ रहती है। कुछ माह पूर्व फेसबुक के माध्यम से युवती की दोस्ती कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी सजातीय युवक से हो गई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम-प्रंसग शुरू हो गया। युवती अक्सर उससे मिलने लगी। इस दौरान युवती के परिजनों को भनक लगी तो उन्होंने समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद युवती नहीं मानी। इस पर परिजनों ने उससे मारपीट करके कैमरे में बंद कर दिया।
युवती रविवार को किसी तरह कोतवाली पहुंची और परिजनों के खिलाफ शिकायत कर प्रेमी संग शादी की जिद पर अड़ गई। इस पर पुलिस ने युवती के परिजनों को कोतवाली बुलाया। युवती के परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया परंतु वह नहीं मानी। इस पर परिजन लौट गए। इंस्पेक्टर क्राइम रामनिवास ने बताया कि देर रात युवक व उसके परिजन कोतवाली पहुंचे और युवती को अपने साथ ले गए।