- अंतिम दिन पंजीकरण करने के लिए साइबर कैफे व जनसेवा केंद्रों पर लगी रही छात्र-छात्राओं की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। स्नातक और प्रोफेशनल कोर्स में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। अब प्रवेश के लिए जल्द ही पहली मेरिट जारी हो सकती है। जिसके बाद कॉलेजों में प्रवेश की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
स्नातक और प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से पंजीकरण पिछले काफी समय से चल रहे थे। इसके लिए सीसीएसयू ने छात्र-छात्राओं को 10 जुलाई तक का समय दिया था, जो शुक्रवार को पूरा हो गया। राजकीय और एडेड कॉलेजों में सबसे अधिक पंजीकरण हुए हैं। आखिरी दिन छात्र-छात्राएं पंजीकरण कराने के लिए कैफे व जनसेवा केंद्र पर पहुंचे।
दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शिन्जिता अग्रवाल ने बताया कि सीसीएसयू में स्नातक कक्षाओं में पंजीकरण कराने का समय खत्म हो गया है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवेश के लिए कक्षावार मेरिट तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 22 कॉलेज संचालित हैं। इनमें 18 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होगा। उनके अनुसार इसके साथ ही अब जल्द ही प्रवेश के लिए पहली मेरिट जारी हो सकती है। इसको देखते हुए कॉलेजों ने भी तैयारी तेज कर दी है।